चैतन्यलोक
मध्य प्रदेश

महाकाल भक्तों के लिए खुशखबरी: दोनों अतिथि निवासों की ऑनलाइन बुकिंग 14 सितंबर से

Author

Deepak Sharma

12 Sep 2026 | 02:32 PM
महाकाल भक्तों के लिए खुशखबरी: दोनों अतिथि निवासों की ऑनलाइन बुकिंग 14 सितंबर से

उज्जैन: श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सुविधा शुरू होने जा रही है। मंदिर समिति द्वारा संचालित पंडित सूर्य नारायण व्यास अतिथि निवास और श्री महाकालेश्वर अतिथि निवास की ऑनलाइन बुकिंग 14 सितंबर 2026 से शुरू होगी। मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट पर फिलहाल अतिथि निवास की ऑनलाइन बुकिंग जल्द शुरू होने की जानकारी दी गई है।

मंदिर समिति के जनसंपर्क अधिकारी एवं सहायक प्रशासक आशीष फलवाडिया के अनुसार, श्रद्धालु मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से दोनों अतिथि निवासों में कमरा बुक कर सकेंगे। यात्रा की तारीख से एक महीने पहले बुकिंग की सुविधा मिलेगी। यानी यदि किसी श्रद्धालु को 14 अक्टूबर को ठहरना है तो वह 14 सितंबर से कमरा बुक कर सकेगा।

इस ऑनलाइन व्यवस्था से देश-विदेश से उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं को घर बैठे कमरे की उपलब्धता देखने और बुकिंग करने की सुविधा मिलेगी। इससे अतिथि निवासों में कमरा लेने की प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक और पारदर्शी होने की उम्मीद है।

मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि कमरे की बुकिंग केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही करें। किसी अनधिकृत वेबसाइट, एजेंट या सोशल मीडिया लिंक के जरिए भुगतान करने से बचें। मंदिर की वेबसाइट पर सहायता के लिए हेल्पलाइन 1800-233-1008 भी उपलब्ध है।

टिप्पणियाँ (0)

टिप्पणी करने के लिए लॉग इन या रजिस्टर करें।

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!

होम वीडियो Sports श्रेणियाँ ई-पेपर