चैतन्यलोक
इंदौर

नागर ब्राह्मण युवा परिषद ने युवाओं के लिए आयोजित किया पिकलबॉल आयोजन

Author

Divyansh Sharma

23 Aug 2026 | 11:21 AM
नागर ब्राह्मण युवा परिषद ने युवाओं के लिए आयोजित किया पिकलबॉल आयोजन

इंदौर। नागर ब्राह्मण युवा परिषद, शाखा इंदौर की ओर से युवाओं को खेलों से जोड़ने और आपसी मेलजोल बढ़ाने के उद्देश्य से पिकलबॉल आयोजन किया गया। स्कीम नंबर 78 स्थित एलीट पिकलबॉल क्लब में शाम 5 से 8 बजे तक चले इस आयोजन में करीब 35 से 40 युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को पिकलबॉल खेल से परिचित कराने के साथ ही खेल के माध्यम से उनके बीच मैत्री और आपसी संवाद को बढ़ावा देना तथा उन्हें समाज से जोड़ना रहा। आयोजन में शामिल युवाओं ने पिकलबॉल के नियमों और खेल की बारीकियों को समझा और आपस में मैच खेले।

कार्यक्रम के दौरान नागर ब्राह्मण युवा परिषद की पूरी टीम ने प्रतिभागियों का स्वागत किया। टीम के सदस्यों ने युवाओं को पिकलबॉल के नियमों की जानकारी देने के साथ खेल को व्यवस्थित रूप से संचालित किया। खेल के दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला और नए खिलाड़ियों को पिकलबॉल को करीब से समझने का अवसर मिला।

आयोजन के अंत में युवा परिषद की ओर से प्रतिभागियों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था भी की गई। खेल के साथ अनौपचारिक बातचीत और मेलजोल के माध्यम से युवाओं के बीच आपसी परिचय और बेहतर बॉन्डिंग बनी।

परिषद के इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को केवल सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना ही नहीं, बल्कि खेल, स्वास्थ्य और आपसी सहभागिता के माध्यम से एक मजबूत युवा समुदाय तैयार करना भी रहा। आयोजन में शामिल युवाओं ने भविष्य में भी इस तरह की खेल गतिविधियों को नियमित रूप से आयोजित करने में रुचि दिखाई।

टिप्पणियाँ (0)

टिप्पणी करने के लिए लॉग इन या रजिस्टर करें।

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!

होम वीडियो Sports श्रेणियाँ ई-पेपर