उज्जैन/इंदौर। इंदौर की 20 वर्षीय युवती ने उज्जैन में चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म और मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है। युवती की शिकायत के आधार पर नानाखेड़ा थाना पुलिस ने चक्रेश जैन सहित दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है। युवती ने अपने बयान में चार से पांच लोगों के शामिल होने की बात कही है। पुलिस शिकायत, मेडिकल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है।
इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती
शिकायत के अनुसार, युवती की कुछ महीने पहले इंस्टाग्राम के जरिए उज्जैन निवासी चक्रेश जैन से दोस्ती हुई थी। आरोप है कि सोमवार को चक्रेश ने उसे मिलने के लिए उज्जैन बुलाया। युवती बस से मेघदूत होटल के पास पहुंची, जहां चक्रेश अपने एक साथी के साथ कार लेकर मिला।
युवती का आरोप है कि शुरुआत में उसे घुमाने की बात कही गई, लेकिन बाद में कार में अन्य युवक भी सवार हो गए। शिकायत के मुताबिक, इसके बाद चलती कार में उसके साथ यौन हिंसा और मारपीट की गई। युवती ने इस घटना में चार से पांच युवकों के शामिल होने का आरोप लगाया है। इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
अरबिंदो अस्पताल के बाहर छोड़ने का आरोप
युवती के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी उसे इंदौर में अरबिंदो अस्पताल के बाहर छोड़कर चले गए। वहां से वह अपने मुंहबोले नाबालिग भाई के साथ रात करीब 12 बजे उज्जैन के नानाखेड़ा थाने पहुंची और पुलिस को शिकायत दी।
पुलिस ने युवती की मेडिकल जांच कराई है। उसके बयान और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया केस
सीएसपी श्वेता गुप्ता और थाना प्रभारी नरेंद्र यादव ने युवती से पूछताछ की। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, युवती के आवेदन के आधार पर चक्रेश जैन सहित दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस के सामने युवती के वीडियो बयान में चार से पांच लोगों के शामिल होने की बात आई है, जबकि एफआईआर में फिलहाल दो आरोपियों के नाम दर्ज किए गए हैं। पुलिस यह जांच कर रही है कि घटना में कितने लोग शामिल थे और प्रत्येक की क्या भूमिका रही।
जांच के बाद स्पष्ट होगी पूरी स्थिति
पुलिस मामले से जुड़े बयानों, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। शिकायत में लगाए गए आरोप अभी जांच के अधीन हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।