भोपाल। सागर के जहरीली शराब कांड को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा और सख्त प्रशासनिक फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने पूरे मामले की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं, ताकि घटना की निष्पक्ष जांच के साथ जिम्मेदारियों का भी स्पष्ट निर्धारण हो सके।
दिलीप कुमार बने सागर संभाग के नए आयुक्त
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद दिलीप कुमार ने सागर संभाग आयुक्त की जिम्मेदारी संभाल ली है। प्रशासनिक नेतृत्व में यह बदलाव सागर शराब कांड के बाद सरकार की गंभीरता को दर्शाता है।
इरशाद वली को सौंपी पुलिस की कमान
वहीं वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी इरशाद वली को सागर संभाग का नया आईजी बनाया गया है। उन्हें संभाग की पुलिस व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सरकार का कहना है कि नए नेतृत्व के जरिए कानून-व्यवस्था और निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।
लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि सागर के इस गंभीर मामले में लापरवाही और अनियमितता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच में जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। सरकार ने आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है।