चैतन्यलोक
मध्य प्रदेश

जबलपुर में बरगी बांध के 9 गेट खुले, नर्मदा घाटों पर अलर्ट

Author

Divyansh Sharma

19 Aug 2026 | 01:14 PM
जबलपुर में बरगी बांध के 9 गेट खुले, नर्मदा घाटों पर अलर्ट

जबलपुर। मध्य प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच जबलपुर के बरगी बांध का जलस्तर बढ़ने के बाद 21 में से 9 गेट खोल दिए गए हैं। साल 2026 में पहली बार 18 अगस्त को बरगी बांध के गेट खोले गए। बांध से पानी छोड़े जाने के बाद नर्मदा नदी के घाटों पर जलस्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।

फिलहाल बरगी बांध का जलस्तर 422.76 मीटर दर्ज किया गया है। बांध में पानी की आवक करीब 1620 क्यूमेक बनी हुई है, जबकि करीब 1031 क्यूमेक पानी नर्मदा नदी में छोड़ा जा रहा है।

बताया गया है कि बांध के 9 गेट औसतन 0.78 मीटर की ऊंचाई तक खोले गए हैं। पानी की निकासी बढ़ने के कारण नर्मदा नदी के घाटों पर जलस्तर 3 से 4 फीट तक बढ़ने की संभावना है।

नर्मदा घाटों पर बढ़ा खतरा

बरगी बांध से पानी छोड़े जाने के बाद नर्मदा के तटीय और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। बांध प्रबंधन ने नर्मदा घाटों और आसपास के तटीय क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया है।

लोगों से अपील की गई है कि वे नदी के घाटों और निचले इलाकों से दूर रहें और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी में जाने से बचें।

बांध प्रबंधन के अनुसार, पानी की आवक के आधार पर गेटों से पानी की निकासी घटाई या बढ़ाई जा सकती है। ऐसे में नर्मदा नदी के जलस्तर में भी आगे बदलाव देखने को मिल सकता है।

टिप्पणियाँ (0)

टिप्पणी करने के लिए लॉग इन या रजिस्टर करें।

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!

होम वीडियो Sports श्रेणियाँ ई-पेपर