इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में पुलिस की कार्रवाई एक बार फिर विवादों में आ गई है। मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों का जुलूस निकालने के बाद एक वायरल वीडियो ने पूरे घटनाक्रम पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में आरोपी जिला जेल के गेट पर अपने हाथ-पैरों में बंधी पट्टियां और प्लास्टर स्वयं उतारकर फेंकते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद सोशल मीडिया पर पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
बताया जा रहा है कि हीरानगर थाना क्षेत्र में दोपहिया वाहन और कार की मामूली टक्कर के बाद विवाद हुआ था, जो बाद में मारपीट और तोड़फोड़ में बदल गया। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर इलाके में उनका जुलूस निकाला। जुलूस के दौरान आरोपियों के हाथ-पैरों पर पट्टियां और प्लास्टर बंधे हुए दिखाई दिए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल प्रतीत हो रहे थे।
हालांकि, जेल पहुंचने के बाद सामने आए वीडियो में आरोपी खुद ही पट्टियां और प्लास्टर हटाते नजर आए। वायरल वीडियो के साथ कुछ ऑडियो क्लिप भी सोशल मीडिया पर साझा किए जा रहे हैं, जिनमें कथित रूप से पैसों के लेन-देन की चर्चा सुनाई दे रही है। हालांकि, इन दावों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों ने वायरल वीडियो की सत्यता, समय और परिस्थितियों की जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता सामने आती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी