इंदौर। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा को लेकर इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने मुख्यमंत्री के समक्ष महत्वपूर्ण मांगें रखी हैं। महापौर ने सेवा के डिविजनल बोर्ड में जनप्रतिनिधियों को शामिल करने के साथ ही युवाओं के लिए बस किराए में छूट देने की मांग की है।
जनप्रतिनिधियों की भागीदारी की मांग
महापौर का कहना है कि स्थानीय स्तर पर परिवहन व्यवस्था से जुड़े फैसलों में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी होने से शहर और संभाग की वास्तविक जरूरतों को बेहतर तरीके से सामने रखा जा सकेगा। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत प्रदेश में नए बस रूट और उनकी फ्रिक्वेंसी तय करने के लिए वैज्ञानिक तरीके से ट्रैफिक सर्वे किया जा रहा है। इंदौर और उज्जैन संभाग में यह प्रक्रिया अंतिम चरण में बताई गई है।
युवाओं को किराए में राहत देने की मांग
महापौर ने युवाओं और विद्यार्थियों को सार्वजनिक परिवहन से जोड़ने के लिए बस किराए में विशेष छूट देने का सुझाव दिया है। इससे कॉलेज, कोचिंग और रोजगार के लिए रोजाना यात्रा करने वाले युवाओं को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा का उद्देश्य प्रदेश में सुरक्षित और सुगम सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क को मजबूत करना है। सरकार इसे चरणबद्ध तरीके से शुरू करने की तैयारी कर रही है।