इंदौर: शहर में ट्रैफिक व्यवस्था संभालने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने वाली ‘ट्रैफिक गर्ल’ शुभी जैन ने एक वीडियो जारी कर पुलिसकर्मी के कथित व्यवहार पर सवाल उठाए हैं। शुभी का आरोप है कि एक ई-रिक्शा चालक से विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचने पर पुलिसकर्मी ने उनके साथ अभद्र तरीके से बात की।
‘लेडीज जात’ कहकर बात करने से किया इनकार
शुभी जैन के मुताबिक, वह सिग्नल पर एक पुलिसकर्मी और ई-रिक्शा चालक के बीच हो रहे विवाद को शांत कराने पहुंची थीं। उनका आरोप है कि पुलिसकर्मी ने ई-रिक्शा का चालान बनाने की कोशिश की और जब उन्होंने मामले में हस्तक्षेप किया तो कथित तौर पर उनसे कहा गया- ‘आप लेडीज जात हैं, आप मुझसे बात न करें।’
‘पुलिस से जनता का भरोसा कैसे बनेगा?’
वीडियो में शुभी ने कहा कि वह ट्रैफिक वार्डन के तौर पर लोगों से सम्मान और मुस्कान के साथ बात करती हैं और सड़क पर विवाद रोकने की कोशिश करती हैं। उनका कहना है कि यदि पुलिसकर्मी ही आम लोगों से इस तरह व्यवहार करेंगे तो जनता के मन में पुलिस के प्रति भरोसा कैसे बनेगा।
रिपोर्टों के मुताबिक, संबंधित पुलिसकर्मी की पहचान और पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। हालांकि, मामले को लेकर DCP स्तर पर जांच के निर्देश दिए जाने की जानकारी सामने आई है।