इंदौर। प्रसिद्ध कथावाचक पंडित कमल किशोर नागर को मिले कथित धमकी भरे पत्र के मामले में नागर ब्राह्मण समाज इंदौर ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग की है। इस संबंध में मध्य प्रदेश नागर ब्राह्मण परिषद, शाखा इंदौर के तत्वावधान में पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन के माध्यम से समाजजनों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए धमकी भरे पत्र की जांच जल्द पूरी करने और जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की। परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने ACP पूर्ति तिवारी से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और प्रभावी कार्रवाई का आग्रह किया।
बताया गया है कि पंडित कमल किशोर नागर को यह कथित धमकी भरा पत्र 4 सितंबर को झाबुआ जिले के भूराडाबरा स्थित श्री गुरु कृपा शबरी गौशाला में आयोजित जन्माष्टमी के सत्संग कार्यक्रम के दौरान मिला था। पत्र मिलने के बाद उनके अनुयायियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से जांच एवं सुरक्षा की मांग लगातार उठ रही है।
नागर समाज इंदौर ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले की जांच में किसी प्रकार की देरी नहीं हो और पत्र भेजने वाले व्यक्ति या संबंधित लोगों को जल्द चिन्हित कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर प्रादेशिक महिला अध्यक्ष सोनिया मंडलोई, शाखा इंदौर के कार्यकारी अध्यक्ष हर्ष मेहता, महासचिव आनंद शर्मा, कोषाध्यक्ष दिनेश मेहता, महिला परिषद अध्यक्ष प्रीति त्रिवेदी, महासचिव रूपा मेहता सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।