चैतन्यलोक
इंदौर

इंदौर नगर निगम के सहायक राजस्व अधिकारी के ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा, 1.73 करोड़ की अनुपातहीन संपत्ति का खुलासा

Author

Deepak Sharma

14 Aug 2026 | 10:42 AM
इंदौर नगर निगम के सहायक राजस्व अधिकारी के ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा, 1.73 करोड़ की अनुपातहीन संपत्ति का खुलासा

इंदौर। लोकायुक्त एसपी राजेश सहाय की टीम ने शुक्रवार को इंदौर नगर पालिक निगम के सहायक राजस्व अधिकारी जितेंद्र कुमार पांडेय के इंदौर स्थित दो ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान लोकायुक्त टीम को उनकी आय से अधिक संपत्ति से जुड़े कई दस्तावेज और संपत्तियों की जानकारी मिली है।

लोकायुक्त के अनुसार, पांडेय की वैध आय करीब 80 लाख रुपये के मुकाबले उनकी संपत्तियों और खर्च का कुल मूल्य करीब 2.53 करोड़ रुपये पाया गया। यह उनकी ज्ञात आय से 216.35 प्रतिशत अधिक बताया गया है। जांच में करीब 1.73 करोड़ रुपये की अनुपातहीन संपत्ति का खुलासा हुआ है।

लोकायुक्त की कार्रवाई के दौरान आनंद नगर और गजाधर नगर में संपत्तियों की जानकारी सामने आई। इनमें पत्नी के नाम दर्ज भवन और छात्रावास सहित अन्य संपत्तियां शामिल हैं। टीम इन संपत्तियों से जुड़े दस्तावेजों और आय के स्रोतों की जांच कर रही है।

मामले में लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। दोनों ठिकानों पर सर्च कार्रवाई और दस्तावेजों की जांच जारी है। लोकायुक्त की जांच पूरी होने के बाद अनुपातहीन संपत्ति से जुड़े मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

टिप्पणियाँ (0)

टिप्पणी करने के लिए लॉग इन या रजिस्टर करें।

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!

होम वीडियो Sports श्रेणियाँ ई-पेपर