नई दिल्ली। भारत ने LPG की आपूर्ति को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। देश की प्रमुख तेल कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) ने अल्जीरिया की सरकारी ऊर्जा कंपनी सोनात्राक (Sonatrach) के साथ 2027 में LPG आयात करने के लिए समझौता किया है। इस डील के जरिए भारत अपनी LPG सप्लाई के स्रोतों में और विविधता ला सकेगा।
समझौते के तहत इंडियन ऑयल हर महीने करीब 45,000 से 55,000 मीट्रिक टन LPG अल्जीरिया से आयात करेगा। यह करार ऐसे समय हुआ है जब भारत अपनी बढ़ती घरेलू LPG मांग को पूरा करने के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार से आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दे रहा है।
अमेरिका के बाद अल्जीरिया से LPG आयात
भारत पहले से ही अलग-अलग देशों से LPG की खरीद करता है। अमेरिका के साथ LPG आयात बढ़ाने के बाद अब अल्जीरिया के साथ हुआ यह समझौता भारत के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे भारत को LPG के लिए अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय स्रोतों पर निर्भरता बढ़ाने और आपूर्ति को अधिक सुरक्षित रखने में मदद मिल सकती है।
हर महीने हजारों टन LPG आएगा भारत
IOC और Sonatrach के बीच हुए समझौते के अनुसार 2027 के दौरान हर महीने 45,000-55,000 मीट्रिक टन LPG भारत लाने की योजना है। इससे घरेलू बाजार में LPG की उपलब्धता बनाए रखने में मदद मिलने की उम्मीद है।
भारत में घरेलू और वाणिज्यिक LPG की मांग लगातार महत्वपूर्ण बनी हुई है। ऐसे में नए अंतरराष्ट्रीय सप्लाई समझौते ऊर्जा सुरक्षा और LPG की नियमित उपलब्धता के लिहाज से अहम हैं।