भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने उज्जैन के महाकाल मंदिर से अयोध्या के राम मंदिर तक प्रस्तावित पदयात्रा को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि जो लोग राम मंदिर निर्माण के लिए चंदा दे चुके हैं, वही व्यक्ति यात्रा में पूरे समय उनके साथ पैदल चल सकेंगे।
दिग्विजय सिंह 2 अक्टूबर 2026 से उज्जैन के महाकाल मंदिर से अयोध्या तक करीब 1,000 किलोमीटर की पदयात्रा निकालने की तैयारी में हैं। उन्होंने इस यात्रा को गैर-राजनीतिक रखने की बात कही है।
चंदा देने वालों को किया यात्रा में शामिल होने का न्योता
दिग्विजय सिंह ने पहले कहा था कि राम मंदिर निर्माण के लिए चंदा देने वाले सभी लोगों को यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। यात्रा के दौरान वे राम मंदिर चंदे की रसीद और चेक की प्रतियां भी अपने साथ रखने की बात कह चुके हैं। उन्होंने खुद मंदिर निर्माण के लिए ₹1.11 लाख का चंदा देने का दावा किया है।
चंदे के हिसाब को लेकर उठाए सवाल
दिग्विजय सिंह ने राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे में कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि अयोध्या पहुंचकर वे चंदे का हिसाब मांगेंगे और मामले को लेकर कानूनी कार्रवाई भी करेंगे।