भोपाल। राजधानी भोपाल में कथित ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पिपलानी थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग लड़की की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसकी मां और मामा को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग की मां कमला बेटी की शादी अपनी पसंद के युवक से करवाना चाहती थी। बताया जा रहा है कि बेटी शादी के लिए तैयार नहीं थी और वह अपनी पसंद से किसी अन्य युवक से शादी करना चाहती थी। इसी बात को लेकर मां-बेटी के बीच विवाद चल रहा था।
आरोप है कि विवाद के दौरान मां कमला और मामा विजय राय ने दुपट्टे से नाबालिग का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर बिना पोस्टमार्टम के अंतिम संस्कार कराने की तैयारी की।
इसी दौरान पुलिस को घटना की जानकारी मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या का खुलासा होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई और नाबालिग की मां कमला तथा मामा विजय राय को गिरफ्तार कर लिया।
पिपलानी पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हत्या के बाद अंतिम संस्कार की तैयारी क्यों और किस तरह की गई थी।