भोपाल। आवासीय भवनों का व्यावसायिक गतिविधियों के लिए इस्तेमाल करने वालों पर भोपाल नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद नगर निगम की ओर से शहर में लगातार नोटिस जारी किए जा रहे हैं। अब तक 5,778 नोटिस जारी किए जा चुके हैं।
जानकारी के मुताबिक, नरेला और गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्रों में सबसे अधिक नोटिस जारी किए गए हैं। नगर निगम की टीम आवासीय भवनों में संचालित व्यावसायिक गतिविधियों की जांच कर रही है और नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित भवन मालिकों को नोटिस दिए जा रहे हैं।
10 दिन की अवधि पूरी, अब 24 घंटे का नोटिस
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, 5 से 9 अगस्त के बीच जिन लोगों को नोटिस जारी किए गए थे, उनके लिए निर्धारित 10 दिन की अवधि अब खत्म हो रही है या खत्म हो चुकी है।
ऐसे मामलों में अब नगर निगम सोमवार से 24 घंटे का नोटिस जारी करेगा। इस नोटिस में पूर्व आदेश के उल्लंघन का उल्लेख करते हुए संबंधित व्यक्ति को कार्रवाई के लिए चेताया जाएगा।
नगर निगम की इस कार्रवाई से आवासीय क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने वालों में हलचल बढ़ गई है। आने वाले दिनों में नियमों का उल्लंघन करने वाले भवनों पर कार्रवाई और तेज होने की संभावना है।