भोपाल। राजधानी भोपाल में दो पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल में पानी मिलने की शिकायत के बाद हंगामा मच गया। पेट्रोल भरवाने के कुछ देर बाद कई दोपहिया वाहन झटके लेने लगे और बीच रास्ते में बंद हो गए। मामले की सूचना मिलने के बाद खाद्य विभाग की टीम ने पेट्रोल के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं।
मामला अशोकागार्डन के पुष्पा नगर स्थित भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के फैम फिलिंग पेट्रोल पंप का बताया जा रहा है। यहां ग्राहक अपनी बाइक और स्कूटर में पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे। पेट्रोल डलवाने के बाद जब वे कुछ दूरी तक गए तो वाहनों ने झटके लेना शुरू कर दिया और कई वाहन बंद हो गए।
इसके बाद ग्राहकों ने पेट्रोल को बोतल में निकालकर देखा तो उसमें पेट्रोल के साथ बड़ी मात्रा में पानी दिखाई दिया। इससे पेट्रोल पंप पर हंगामा हो गया और ग्राहकों ने शिकायत दर्ज कराई।
प्रारंभिक तौर पर पेट्रोल पंप की पाइपलाइन में कई जगह जंग लगने और छेद होने की बात सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि बारिश का पानी इन रास्तों से पेट्रोल में मिल गया होगा। हालांकि, पानी पेट्रोल में किस वजह से मिला, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।
फिलहाल पेट्रोल पंप संचालक ने करीब 45 ग्राहकों को लगभग 9 हजार रुपये वापस किए हैं। खाद्य विभाग द्वारा लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई और जिम्मेदारी तय होगी।
मामले ने पेट्रोल पंपों पर ईंधन की गुणवत्ता और रखरखाव व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।