चैतन्यलोक
देश

WhatsApp मैसेज पर लगेगा 14 पैसे शुल्क? जानिए वायरल खबर की पूरी सच्चाई

Author

Divyansh Sharma

30 Sep 2026 | 05:31 PM
WhatsApp मैसेज पर लगेगा 14 पैसे शुल्क? जानिए वायरल खबर की पूरी सच्चाई

नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक खबर तेजी से वायरल हो रही है कि 1 अक्टूबर 2026 से WhatsApp परमैसेज भेजने के लिए 14 पैसे चुकाने होंगे। इस खबर से कई यूजर्स के बीच भ्रम की स्थिति बन गई है। हालांकि, सच्चाई यह है कि यह बदलाव आम WhatsApp यूजर्स के लिए नहीं, बल्कि WhatsApp Business Platform का इस्तेमाल करने वाली कंपनियों के लिए है।

Meta के नए बिलिंग नियम 1 अक्टूबर 2026 से लागू होंगे। इसके तहत कंपनियों द्वारा WhatsApp Business Platform/API के जरिए ग्राहकों को भेजे जाने वाले कुछ संदेशों पर शुल्क लगेगा। इसका इस्तेमाल आम तौर पर बैंक, ई-कॉमर्स कंपनियां, ऑनलाइन सर्विस और डिलीवरी प्लेटफॉर्म जैसे बड़े कारोबारी करते हैं।

करीब 14 पैसे क्यों?

भारत के लिए Meta के रेट कार्ड में Utility, Authentication और Service मैसेज की दर ₹0.115 प्रति डिलीवर्ड मैसेज है। 18 प्रतिशत GST जोड़ने के बाद यह राशि करीब 14 पैसे प्रति मैसेज हो जाती है। वहीं भारत में Marketing मैसेज की दर करीब ₹0.8631 प्रति मैसेज, यानी GST के बाद लगभग ₹1.02 है।

इन संदेशों में बैंक अलर्ट, ऑर्डर अपडेट, डिलीवरी सूचना, भुगतान संबंधी जानकारी और OTP जैसे संदेश शामिल हो सकते हैं।

हर महीने 1,000 सर्विस मैसेज मुफ्त

1 अक्टूबर से एक महत्वपूर्ण बदलाव यह भी है कि ग्राहकों के मैसेज करने के बाद बिजनेस द्वारा 24 घंटे की सर्विस विंडो में भेजे जाने वाले सामान्य Service Replies पर भी शुल्क लागू होगा। हालांकि, हर बिजनेस फोन नंबर को महीने में पहले 1,000 Service Messages मुफ्त मिलेंगे। इसके बाद निर्धारित दर के अनुसार शुल्क लगेगा।

आम यूजर के लिए क्या बदलेगा?

आम WhatsApp यूजर के लिए फिलहाल कुछ नहीं बदलेगा। आप पहले की तरह अपने दोस्तों और परिवार को मैसेज, फोटो, वीडियो और वॉयस/वीडियो कॉल कर सकेंगे। किसी बिजनेस को मैसेज करने पर भी इस शुल्क का भुगतान ग्राहक को नहीं करना है। यह Meta की Business Platform बिलिंग से जुड़ा शुल्क है। ग्राहकों द्वारा बिजनेस को भेजे गए संदेश भी इस बिलिंग के तहत शुल्क वाले संदेश नहीं हैं।

इसलिए सोशल मीडिया पर चल रही “1 अक्टूबर से WhatsApp पर हर मैसेज के 14 पैसे लगेंगे” वाली बात भ्रामक है। सही जानकारी यह है कि बदलाव WhatsApp के सामान्य इस्तेमाल पर नहीं, बल्कि WhatsApp Business Platform की कुछ व्यावसायिक मैसेजिंग पर लागू हो रहा है।

टिप्पणियाँ (0)

टिप्पणी करने के लिए लॉग इन या रजिस्टर करें।

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!

होम वीडियो Sports श्रेणियाँ ई-पेपर