चैतन्यलोक
मध्य प्रदेश

महाकाल भस्म आरती के नाम पर फिर ठगी, मेरठ के 12 श्रद्धालुओं से ₹30 हजार ऐंठे

Author

Divyansh Sharma

21 Sep 2026 | 01:53 PM
महाकाल भस्म आरती के नाम पर फिर ठगी, मेरठ के 12 श्रद्धालुओं से ₹30 हजार ऐंठे

उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग में भस्म आरती के नाम पर श्रद्धालुओं से ठगी का एक और मामला सामने आया है। इस बार मेरठ के 12 श्रद्धालुओं को निशाना बनाया गया। आरोप है कि एक ट्रैवल एजेंसी ने भस्म आरती के VIP पास उपलब्ध कराने के नाम पर उनसे 30 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए और इसके बाद फर्जी VIP पास बनाकर भेज दिए।

जानकारी के मुताबिक, मेरठ के पल्लवपुरम निवासी रतन शर्मा अपने 12 साथियों के साथ उज्जैन में महाकाल की भस्म आरती में शामिल होने की तैयारी कर रहे थे। इसके लिए उन्होंने एक ट्रैवल एजेंसी से संपर्क किया था। एजेंसी ने भस्म आरती के पास उपलब्ध कराने के नाम पर ऑनलाइन भुगतान कराया। रकम मिलने के बाद श्रद्धालुओं को VIP पास भी भेज दिए गए।

हालांकि, उज्जैन रवाना होने से पहले जब श्रद्धालुओं ने संबंधित ट्रैवल एजेंट से संपर्क करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल फोन बंद मिला। इसके बाद श्रद्धालुओं को अपने साथ ठगी होने का शक हुआ।

मामले की शिकायत मेरठ साइबर सेल में ऑनलाइन दर्ज कराई गई है। पीड़ितों ने पूरे मामले की जानकारी साइबर पुलिस को दी है।

श्रद्धालुओं से सावधानी बरतने की अपील

महाकाल मंदिर प्रशासन और पुलिस की ओर से श्रद्धालुओं को लगातार सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है। श्रद्धालुओं से कहा गया है कि भस्म आरती या दर्शन के लिए किसी अनजान व्यक्ति, फर्जी वेबसाइट या संदिग्ध ऑनलाइन लिंक के जरिए बुकिंग न करें।

टिप्पणियाँ (0)

टिप्पणी करने के लिए लॉग इन या रजिस्टर करें।

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!

होम वीडियो Sports श्रेणियाँ ई-पेपर