उज्जैन। उज्जैन के कानीपुरा स्थित लक्की दरबार ढाबे पर बुधवार रात पुरानी रंजिश को लेकर करनी सेना से जुड़े दो गुटों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के प्रदेश उपाध्यक्ष राहुल दरबार और उनके साथी जीतू ठाकुर की हत्या कर दी गई।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष पुराने विवाद को सुलझाने के लिए ढाबे पर बातचीत करने के लिए बैठे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर एक बार फिर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और दोनों की जान चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार विवाद के पीछे पुरानी रंजिश सामने आ रही है। वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ढाबे पर मौजूद लोगों से पूछताछ करने के साथ ही आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।