उज्जैन। महाकाल लोक के नीलकंठ द्वार के सामने स्थित होटल टेंपल व्यू में 38 वर्षीय युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान मुकेश कुमार, निवासी न्यू कोटगांव, गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और हत्या के एंगल से भी पड़ताल की जा रही है।
जानकारी के अनुसार मुकेश कुमार 1 सितंबर को अपने दोस्त विनीत गोयल के साथ उज्जैन आया था। दोनों महाकाल दर्शन के लिए पहुंचे थे और होटल टेंपल व्यू में ठहरे थे।
बताया जा रहा है कि 3 सितंबर को विनीत गोयल होटल का बिल चुकाकर वहां से चला गया। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। शुक्रवार सुबह होटल के कमरे से दुर्गंध आने पर होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी।
कमरे में मिला युवक का शव
सूचना मिलने पर महाकाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे से शव बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अब युवक की मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस की जांच में दोस्त विनीत गोयल के होटल से जाने के बाद की गतिविधियां भी महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं। फिलहाल मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।