उज्जैन। चक्रतीर्थ श्मशान घाट पर जलती चिता से कथित छेड़छाड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। जीवाजीगंज थाना पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, इंस्टाग्राम पर वायरल वीडियो में काली उर्फ नंद गिरि नाम की व्यक्ति हाथ में तलवार लिए नजर आ रही है। वीडियो में कथित तौर पर मानव मांस खाने का दावा भी किया गया था। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने इस पर आपत्ति जताई और पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जीवाजीगंज पुलिस ने शव के साथ छेड़छाड़ के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 301 के तहत FIR दर्ज की है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी प्रतीक शर्मा के मुताबिक, मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो में दिखाई गई गतिविधियां वास्तविक घटना से जुड़ी हैं या वीडियो के जरिए किसी तरह का भ्रम या सनसनी पैदा करने का प्रयास किया गया।