उज्जैन। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच उज्जैन में विकास कार्यों को गति देने के लिए एक बार फिर बड़ी कार्रवाई शुरू हुई है। उज्जैन विकास प्राधिकरण (UDA) ने बेगम बाग क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक मकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू की है। कार्रवाई के चलते हरि फाटक से महाकाल मार्ग को फिलहाल बंद किया गया है।
1985 में 30 साल की लीज पर मिले थे प्लॉट
बेगम बाग कॉलोनी में वर्ष 1985 में 34 प्लॉट 30 साल की लीज पर केवल आवासीय उपयोग के लिए दिए गए थे। आरोप है कि बाद में कई प्लॉटों के टुकड़े कर उन्हें बेच दिया गया और आवासीय संपत्तियों में दुकान, होटल और रेस्टोरेंट जैसे व्यावसायिक उपयोग शुरू कर दिए गए। लीज की शर्तों के उल्लंघन और भुगतान नहीं किए जाने के मामले भी सामने आए।
वर्ष 2023 में सर्वे के बाद UDA ने करीब 45 पट्टे निरस्त किए थे। इसके बाद कार्रवाई को लेकर मामला हाईकोर्ट पहुंचा, लेकिन स्टे खारिज होने के बाद UDA की कार्रवाई जारी है। UDA CEO संदीप सोनी के मुताबिक बेगम बाग में यह पांचवीं-छठी बड़ी कार्रवाई है।
64 अवैध निर्माण हटाए जा चुके
अब तक बेगम बाग के 45 भूखंडों पर बने 95 निर्माणों में से 64 अवैध निर्माण हटाए जा चुके हैं। मौजूदा कार्रवाई भी इसी अभियान का हिस्सा है।
सिंहस्थ 2028 के लिए बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट
UDA के अनुसार यह कार्रवाई सिंहस्थ 2028 की तैयारियों और महाकाल पहुंच मार्ग परियोजना से जुड़ी है। इसके तहत हरि फाटक ब्रिज के चौड़ीकरण के साथ हरि फाटक से महाकाल चौराहे तक 24 मीटर चौड़ी सड़क, पार्किंग जोन, पाथवे और स्मार्ट लाइटिंग विकसित की जानी है। करीब 371 करोड़ रुपये की परियोजना से महाकाल क्षेत्र में यातायात व्यवस्था और कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।