चैतन्यलोक
मध्य प्रदेश

सिंहस्थ 2028 में बनेगी टेंट सिटी, श्रद्धालुओं को मिलेगी मुफ्त ठहरने की सुविधा

Author

Deepak Sharma

14 Aug 2026 | 02:00 PM
सिंहस्थ 2028 में बनेगी टेंट सिटी, श्रद्धालुओं को मिलेगी मुफ्त ठहरने की सुविधा

उज्जैन। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के बीच उज्जैन के टेंट व्यवसायियों ने श्रद्धालुओं के लिए बड़ी पहल का ऐलान किया है। श्री महाकाल टेंट गार्डन एवं मंडप व्यवसायी संघ सिंहस्थ के दौरान जिले के टेंट, इवेंट, गार्डन और मंडप कारोबारियों के सहयोग से टेंट सिटी तैयार करेगा। इसमें बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को नि:शुल्क ठहरने की सुविधा देने की योजना है।

इसकी घोषणा इंदौर रोड स्थित राधेकृष्ण रिसोर्ट में आयोजित ‘शामियाना महोत्सव’ के दौरान संघ के अध्यक्ष आशीष मल्होत्रा ने की। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष ओम जैन ने टेंट सिटी के लिए सिंहस्थ क्षेत्र में जमीन उपलब्ध कराने में सहयोग का भरोसा दिलाया।

टेंट व्यापारियों के लिए अलग बाजार की मांग

महोत्सव के दौरान टेंट व्यवसायियों के लिए अलग बाजार विकसित करने की मांग भी उठी। संघ अध्यक्ष आशीष मल्होत्रा ने कहा कि जिस तरह दवा और कपड़ा व्यापारियों के लिए अलग बाजार हैं, उसी तरह टेंट व्यवसायियों के गोदाम और अन्य जरूरतों के लिए भी अलग टेंट बाजार बनाया जाना चाहिए।

हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष ओम जैन ने इस मांग पर उचित मूल्य पर जमीन उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से विशेष आग्रह करने की बात कही।

प्रदेशभर के टेंट व्यवसायी हुए शामिल

‘शामियाना महोत्सव’ में फेडरेशन ऑफ मध्य प्रदेश टेंट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष परमजीत सिंह खनूजा सहित प्रदेश पदाधिकारी, उज्जैन इवेंट एसोसिएशन, टेंट हाउस एसोसिएशन, कैटरर्स संघ और महिदपुर, तराना, खाचरौद, नागदा, बड़नगर व घट्टिया के टेंट व्यवसायी शामिल हुए।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों और व्यवसायियों ने पौधारोपण भी किया।

टिप्पणियाँ (0)

टिप्पणी करने के लिए लॉग इन या रजिस्टर करें।

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!

होम वीडियो Sports श्रेणियाँ ई-पेपर