शिवपुरी। जिले में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और उसके कथित प्रेमी पर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित पति सुरेंद्र रजक ने पुलिस अधीक्षक (SP) से शिकायत कर सुरक्षा की मांग की है।
शिकायत में सुरेंद्र रजक ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी अनीता और अमर सिंह नामक व्यक्ति ने उसके साथ मारपीट की। पीड़ित के मुताबिक, विवाद के दौरान उसे धमकी दी गई कि उसे ‘नीले ड्रम में पैक कर देंगे।’ इस धमकी के बाद वह डर गया और पुलिस अधीक्षक के कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
सुरेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसे अपनी जान का खतरा है। उसने एसपी से मामले की जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और उसे सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
फिलहाल शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस जांच के बाद ही मारपीट और धमकी लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।