शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में मंदिर परिसर में दो सेवादारों की हत्या के बाद शव जलाए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतकों की पहचान मंदिर के सेवादार गोपाल दास और बाबा बिहारी दास के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह ग्रामीण मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे तो परिसर में दोनों सेवादारों के शव मिले। एक शव पूरी तरह जल चुका था, जबकि दूसरे शव को भी जलाया जा रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
एक युवक पर हत्या का आरोप
मामले में गांव के सुमित सिंह पर दोनों सेवादारों के साथ मारपीट करने और उन्हें अलग-अलग तख्त से बांधकर जिंदा जलाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने उसे हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि सुमित सिंह करीब दो महीने पहले ही जेल से बाहर आया था और उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। इन मामलों में SC/ST एक्ट का मामला भी शामिल बताया जा रहा है।
मंदिर की जमीन को लेकर विवाद
पुलिस के अनुसार, मंदिर की जमीन पर कब्जे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। प्रारंभिक जांच में इसी विवाद को वारदात की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया भी की जा रही है।