चैतन्यलोक
मध्य प्रदेश

रतलाम स्टेशन पर खानपान स्टॉल बंद, RPF की चालानी कार्रवाई के विरोध में संचालकों की हड़ताल

Author

Divyansh Sharma

03 Sep 2026 | 10:00 AM
रतलाम स्टेशन पर खानपान स्टॉल बंद, RPF की चालानी कार्रवाई के विरोध में संचालकों की हड़ताल

रतलाम। रेलवे स्टेशन पर RPF की चालानी कार्रवाई के विरोध में खानपान स्टॉल संचालकों ने बुधवार को हड़ताल कर दी। विरोध के चलते प्लेटफॉर्म पर संचालित 19 खानपान स्टॉल और 7 ट्रॉलियों पर पर्दे डाल दिए गए। इससे स्टेशन पर दिनभर चाय, पानी और नाश्ते की व्यवस्था प्रभावित रही और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

₹2 हजार के चालान को लेकर नाराजगी

स्टॉल संचालकों का आरोप है कि RPF नए नियमों के नाम पर ₹2,000 का चालान काट रही है। इसी कार्रवाई से नाराज संचालक बुधवार को CMI कैटरिंग सोमेश सिंह सिसोदिया के साथ RPF पोस्ट पहुंचे। यहां कार्रवाई को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस भी हुई।

इसके बाद संचालकों के प्रतिनिधिमंडल ने सीनियर DCM हिना केवलरामानी और सीनियर DSC से मुलाकात की, लेकिन बातचीत से कोई समाधान नहीं निकल सका।

ADRM से बातचीत भी बेनतीजा

मामला बढ़ने के बाद ADRM अक्षय कुमार ने संचालकों को बातचीत के लिए बुलाया। हालांकि दोपहर तक कोई सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद संचालकों ने स्टेशन परिसर में धरना शुरू कर दिया और स्टॉल बंद रखने का फैसला जारी रखा।

RPF ने कहा- नियमों के तहत हो रही कार्रवाई

वहीं RPF का कहना है कि कार्रवाई पश्चिम रेलवे IG अजोय सादानी के निर्देश और ‘जन विश्वास अधिनियम’ के तहत की जा रही है। RPF के मुताबिक स्टेशन प्लेटफॉर्म पर अवैध रूप से पानी की बोतलों का स्टॉक रखने और अनधिकृत वेंडरों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

फिलहाल स्टॉल संचालकों और रेलवे प्रशासन के बीच विवाद का समाधान नहीं होने से यात्रियों को खानपान की सुविधा में परेशानी उठानी पड़ रही है।

टिप्पणियाँ (0)

टिप्पणी करने के लिए लॉग इन या रजिस्टर करें।

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!

होम वीडियो Sports श्रेणियाँ ई-पेपर