राजगढ़: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। देवास जिले के सतवास से 11 लोगों को लेकर जा रही ईको कार तेज बहाव वाले नाले में बह गई। हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 2 लोग अभी लापता बताए जा रहे हैं। वहीं, 2 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, सतवास निवासी 11 लोग राजगढ़ जिले के पड़ाना के पास स्थित कड़नावद गांव के धार्मिक स्थल पर दर्शन के लिए जा रहे थे। कार में 4 बच्चे, 4 महिलाएं और 3 पुरुष सवार थे। दोपहर करीब 1:45 बजे उनकी कार पड़ाना बायपास पर स्थित झिरी नाले को पार कर रही थी। इसी दौरान नाले में तेज बहाव के कारण कार का संतुलन बिगड़ गया और वाहन पानी के साथ बह गया।
बताया जा रहा है कि कार को मुकेश नायक चला रहे थे, जो धांसड़ गांव के निवासी हैं। उन्होंने करीब 6-7 महीने पहले ही नई ईको कार खरीदी थी।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू टीम ने क्रेन की मदद से काफी मशक्कत के बाद कार को नाले से बाहर निकाला। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान 7 शव बरामद किए गए, जबकि दो लापता लोगों की तलाश जारी है। दो लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है।
घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। प्रशासन की टीम लापता लोगों की तलाश और राहत-बचाव कार्य में जुटी हुई है।