इंदौर, 28 सितंबर। संगीत प्रेमियों के लिए इंदौर के जाल ऑडिटोरियम में रविवार शाम राग रागिनी ग्रुप द्वारा विशेष संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हिंदी फिल्म संगीत के सदाबहार गीतों से सजी इस शाम में कलाकारों ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुतियों से श्रोताओं को बांधे रखा। सुरों और संगीत की खूबसूरत प्रस्तुतियों के बीच सभागार में पुराने दौर के लोकप्रिय नगमों की यादें ताजा हो गईं।
कार्यक्रम में शिवांगी मिश्रा पाठक ने शैलेश गिलानकर, प्रांकुर जोशी, देवेंद्र सिन्नरकर, भूपेंद्र मेहता और अश्विनी व्यास के साथ युगल प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों की सधी हुई आवाज, भावपूर्ण गायकी और गीतों की प्रस्तुति ने संगीतप्रेमियों की खूब वाहवाही बटोरी।
शिवांगी मिश्रा पाठक ने मधुर आवाज में ‘रहे ना रहे हम’ प्रस्तुत किया। वहीं शैलेश गिलानकर ने शिवांगी के साथ ‘प्यार में कभी कभी’, ‘गुलमोहर गर तुम्हारा नाम होता’, ‘कई दिन से मुझे कोई सपनों में’ और ‘दिल है कि मानता नहीं’ जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति दी।
देवेंद्र सिन्नरकर ने शिवांगी के साथ ‘जब दीप जले आना’ और ‘साथिया तूने क्या किया’ जैसे गीतों से समां बांधा। इसके अलावा ‘फिर छिड़ी रात बात’ और ‘हुस्न पहाड़ों का’ जैसी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम के माहौल को और भी सुरीला बना दिया।
भूपेंद्र मेहता ने ‘ये रात भीगी-भीगी’, ‘धीरे-धीरे बोल कोई सुन न ले’, ‘हम तो तेरे आशिक हैं सदियों पुराने’ और ‘ओ मेरे सनम’ जैसे सदाबहार गीतों को अपनी आवाज दी। प्रांकुर जोशी और शिवांगी मिश्रा पाठक ने ‘मेरी दुनिया है तुझमें कहीं’ और ‘वादा रहा सनम होंगे जुदा ना हम’ प्रस्तुत किए।
अश्विनी व्यास ने भी शिवांगी के साथ ‘ये दिल तुम बिन कहीं’, ‘अभी न जाओ छोड़कर’, ‘पलकों के पीछे से तुमने’ और ‘तस्वीर तेरी दिल में’ जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में गजल और रोमांटिक गीतों का भी खूबसूरत संगम देखने को मिला। देवेंद्र सिन्नरकर ने ‘खूबसूरत है आंखें तेरी’ और ‘चांदी जैसा रंग है तेरा’, जबकि भूपेंद्र मेहता ने ‘तुमको देखा तो ये खयाल आया’ प्रस्तुत कर श्रोताओं की खूब दाद बटोरी। शैलेश गिलानकर ने ‘प्यार मांगा है तुम्हीं से’ और ‘तुम्हारा प्यार चाहिए’, वहीं अश्विनी व्यास ने ‘ये मेरा प्रेम पत्र पढ़कर’ गीत प्रस्तुत किया।
कलाकारों ने मूल गीतों की भावनाओं को बरकरार रखते हुए अपनी-अपनी शैली में प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के समापन तक जाल ऑडिटोरियम सदाबहार संगीत की मिठास से सराबोर रहा। श्रोताओं ने कलाकारों की प्रस्तुतियों की भरपूर सराहना की।