इंदौर: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 17 सितंबर को इंदौर दौरे पर रहेंगे। उनका कार्यक्रम सुपर कॉरिडोर स्थित मैदान में प्रस्तावित है, जहां वे स्वामित्व योजना से जुड़े राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे।
जानकारी के मुताबिक नबीन करीब सवा घंटे इंदौर में रहेंगे। दिल्ली से सीधे इंदौर पहुंचने के बाद वे सुपर कॉरिडोर स्थित कार्यक्रम स्थल जाएंगे। कार्यक्रम में स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीण आबादी क्षेत्र के पात्र लोगों को मालिकाना हक से जुड़े दस्तावेज सांकेतिक रूप से सौंपे जाने की तैयारी है। इसके बाद वे कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
नितिन नबीन का यह दौरा भाजपा के लिए राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है। 17 सितंबर से भाजपा का ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू हो रहा है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। वीआईपी रूट, पार्किंग, प्रवेश-निकासी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्लान तैयार किया जा रहा है। सुपर कॉरिडोर पर बड़ी संख्या में लाभार्थियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के पहुंचने की संभावना है।