चैतन्यलोक
देश

कोलकाता में होटल में भीषण आग, बच्चे समेत 9 की मौत; 60 से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू

Author

Deepak Sharma

19 Aug 2026 | 10:46 AM
कोलकाता में होटल में भीषण आग, बच्चे समेत 9 की मौत; 60 से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में बुधवार तड़के एक होटल में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। मिर्जा गालिब स्ट्रीट पर न्यू मार्केट के पास स्थित होटल में करीब रात 2 बजे आग लगी। हादसे में एक बच्चे समेत 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

आग लगने के बाद होटल में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, 60 से ज्यादा लोगों को रेस्क्यू किया गया। वहीं छह लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

धुएं में फंसने से हुई मौतें

बताया जा रहा है कि आग लगने के बाद होटल के अंदर धुआं तेजी से फैल गया। कई लोग कमरों में फंस गए थे। दमकल की चार गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। राहत और बचाव टीमों ने अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला।

नौ लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया था, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। शुरुआती जानकारी में मृतकों में बांग्लादेशी नागरिकों के शामिल होने की बात सामने आई है, जो इलाज के लिए कोलकाता आए थे।

AC में धमाके से आग लगने का शक

आग लगने के कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। शुरुआती तौर पर AC में धमाके के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

यह घटना ऐसे समय हुई है जब पश्चिम बंगाल के तारापीठ में होटल में लगी आग की घटना की चर्चा अभी खत्म भी नहीं हुई थी। कोलकाता के होटल में हुए इस हादसे ने एक बार फिर होटल और व्यावसायिक इमारतों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस, दमकल विभाग और प्रशासन की टीमें पूरे मामले की जांच में जुटी हैं।

टिप्पणियाँ (0)

टिप्पणी करने के लिए लॉग इन या रजिस्टर करें।

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!

होम वीडियो Sports श्रेणियाँ ई-पेपर