गुरुग्राम: गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक सवार को कार से टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने आरोपी कल्याण बैंसला के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा जोड़ दी है। पुलिस ने मंगलवार को उसे राजस्थान से गिरफ्तार किया।
रविवार को गोल्फ कोर्स रोड पर एक सफेद Maruti Suzuki Ciaz ने स्पोर्ट्स बाइक सवार महिला को टक्कर मार दी थी। हादसे का वीडियो सामने आने के बाद मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में कार बाइक की ओर मुड़ती दिखाई दे रही है, जिसके बाद बाइक सवार सड़क पर गिरकर कई मीटर तक घिसटती चली गई। महिला को चोटें आईं।
पुलिस ने शुरुआत में आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 281 और 125 के तहत मामला दर्ज किया था। CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद पुलिस ने BNS की धारा 109 (हत्या का प्रयास) जोड़ दी। इस धारा में अधिकतम 10 साल तक की सजा का प्रावधान है।
आरोपी बैंसला ने जानबूझकर बाइक को टक्कर मारने से इनकार किया है। उसका दावा है कि बाइकर्स उसकी कार के आगे आ-जा रहे थे और टक्कर दुर्घटनावश हुई। वहीं, महिला बाइक सवार ने आरोप लगाया है कि कार ने उसे जानबूझकर टक्कर मारी और घटना के बाद चालक मौके से चला गया। मामले की जांच जारी है।