इंदौर। शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए यातायात प्रबंधन पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर सख्ती शुरू कर दी है। पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार त्रिपाठी ने शहर के प्रमुख चौराहों का निरीक्षण कर अधिकारियों और कर्मचारियों को नियम तोड़ने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
घंटाघर चौराहे पर यातायात व्यवस्था का जायजा लेते हुए डीसीपी त्रिपाठी ने रॉन्ग साइड ड्राइविंग, रेड लाइट जंप, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल, लेफ्ट टर्न बाधित करने और मोडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
मोडिफाइड साइलेंसर पर विशेष नजर
यातायात पुलिस मोडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट और अन्य वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई कर रही है। तेज आवाज करने वाले या निर्धारित मानकों से अलग साइलेंसर लगाने वाले वाहनों पर नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
भागकर नहीं बच पाएंगे उल्लंघनकर्ता
यातायात पुलिसकर्मी चौराहों पर नियम तोड़ने वाले वाहनों की फोटो क्लिक कर रहे हैं। रॉन्ग साइड, मोबाइल पर बात करते हुए ड्राइविंग, लेफ्ट टर्न बाधित करने और अन्य उल्लंघनों की तस्वीरों के आधार पर संबंधित वाहन का चालान किया जाएगा।
इसके अलावा चौराहों पर ड्रोन के जरिए भी निगरानी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कैमरे या फोटो में नियम उल्लंघन दर्ज होने के बाद मौके से निकल जाना कार्रवाई से बचने की गारंटी नहीं है।
पुलिस ने वाहन चालकों से रेड लाइट का पालन करने, रॉन्ग साइड वाहन नहीं चलाने, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करने और निर्धारित मानकों वाले साइलेंसर का ही उपयोग करने की अपील की है।