इंदौर। शहर में अवैध बैनर-पोस्टर और स्वागत द्वार के खिलाफ पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से रीगल चौराहे पर धरना दे रहे प्रहलाद पाण्डेय ने नगर निगम से लिखित आश्वासन मिलने के बाद अपना सत्याग्रह समाप्त करने का निर्णय लिया है। पाण्डेय आज सुबह करीब 10:30 बजे धरना समाप्त कर रहे हैं।
पाण्डेय के अनुसार, नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर केशव सिंह सेंगर, सहायक रिमूवल अधिकारी अंकेश और निगम की टीम के अन्य सदस्य उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि शहर के कई स्थानों से अवैध बैनर-पोस्टर आदि हटाने की कार्रवाई की जा रही है।
पाण्डेय ने बताया कि निगम अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया है कि 25 सितंबर की सुबह 10 बजे तक तीन प्रमुख स्थानों से अवैध बैनर, पोस्टर और स्वागत द्वार हटाए जाएंगे। लिखित आश्वासन मिलने के बाद उन्होंने अपना आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की।
अस्पताल में उपचार करा रहे पाण्डेय ने निगम अधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि शहर को अवैध प्रचार सामग्री से मुक्त करने की दिशा में कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आंदोलन के दौरान समर्थन देने वाले लोगों का भी आभार व्यक्त किया।
हालांकि, अवैध बैनर-पोस्टर हटाने के बाद वे दोबारा न लगें, इसे लेकर अभी कोई स्पष्ट व्यवस्था या गारंटी सामने नहीं आई है। ऐसे में निगम की कार्रवाई के साथ-साथ भविष्य में दोबारा लगाए जाने वाले अवैध बैनर-पोस्टरों पर रोक लगाना भी चुनौती बनी रहेगी।