इंदौर। राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने इंदौर में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब ₹4.72 करोड़ कीमत का 3 किलो विदेशी सोना जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान DRI की टीम ने तीन कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, विदेशी सोने को अकोला से कार के जरिए इंदौर लाया जा रहा था। DRI को तस्करी के इस नेटवर्क की जानकारी मिलने के बाद निगरानी बढ़ाई गई और कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा गया।
जांच में सामने आया कि जब्त किए गए विदेशी सोने पर भारतीय ब्रांड की फर्जी मार्किंग की गई थी। तस्करों द्वारा विदेशी सोने की पहचान छिपाने और उसे भारतीय सोने के तौर पर पेश करने की कोशिश की गई थी।
DRI अधिकारियों ने सोना जब्त करने के साथ ही तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि विदेशी सोना कहां से लाया गया था, इसे इंदौर में किसे पहुंचाया जाना था और इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
कार्रवाई के बाद सोने की तस्करी से जुड़े नेटवर्क को लेकर जांच तेज कर दी गई है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।