इंदौर। शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच ने एक युवक को एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास से 12.33 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई है, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।
चेकिंग के दौरान पुलिस को हुआ संदेह
जानकारी के अनुसार, क्राइम ब्रांच की टीम बीती रात शांतिपथ चौराहे के पास शिवालय मार्ग पर गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान परदेशीपुरा निवासी ऋषभ चौहान पैदल जाता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसके घबराने पर टीम को संदेह हुआ और उसके पास मौजूद काले बैग की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान बैग से 12.33 ग्राम एमडी ड्रग्स मिलने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
रानीपुरा की ज्वेलरी दुकान पर करता है काम
क्राइम ब्रांच के अनुसार, ऋषभ चौहान आठवीं तक पढ़ा है और रानीपुरा क्षेत्र में एक ज्वेलरी की दुकान पर काम करता है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास मादक पदार्थ कहां से आया था और क्या वह इसकी खरीद-फरोख्त में भी शामिल था। मामले में आगे की जांच जारी है।