इंदौर। संभाग में जल संरक्षण, शिक्षा की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सुविधाओं, यातायात व्यवस्था और ध्वनि प्रदूषण की रोकथाम को लेकर प्रशासन स्तर पर विशेष कार्ययोजनाओं पर काम किया जा रहा है। वहीं सिंहस्थ-2028 के लिए चल रहे निर्माण कार्यों को तय समयसीमा में पूरा कराने पर भी प्रशासन का विशेष फोकस है।
संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार ने बुधवार को होटल अप्सरा में संपादक संघ इंदौर के सदस्यों के साथ संवाद के दौरान यह जानकारी दी। बैठक में समाचार पत्रों के संपादक और प्रबंधक मौजूद रहे। इस दौरान इंदौर संभाग में चल रहे विकास कार्यों और विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर चर्चा हुई।
जल संरक्षण के लिए बनेगा एक्शन प्लान
संभागायुक्त ने कहा कि पानी की उपलब्धता कम होने की स्थिति को देखते हुए जल संरक्षण और जल संवर्धन के लिए एक्शन प्लान तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही नागरिकों को पानी बचाने के प्रति जागरूक करने और जल संरक्षण की जरूरत को लेकर विशेष अभियान चलाए जाएंगे।
ध्वनि प्रदूषण रोकने पर विशेष फोकस
इंदौर में बढ़ते ध्वनि प्रदूषण को लेकर भी प्रशासन विशेष प्रयास करेगा। संभागायुक्त ने कहा कि ध्वनि प्रदूषण की रोकथाम के लिए कार्ययोजना बनाने के साथ ही जनजागरूकता भी जरूरी है।
स्कूल और छात्रावासों में बढ़ेंगी खेल गतिविधियां
स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए विद्यालयों और छात्रावासों में विभिन्न गतिविधियों को बढ़ावा देने की योजना है। संभाग के हर छात्रावास में नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। ये अधिकारी विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याओं को समझने और उनके समाधान की दिशा में काम करेंगे।
इसके अलावा ऐसे पूर्व विद्यार्थियों को स्कूलों और छात्रावासों में आमंत्रित किया जाएगा, जिन्होंने अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर जिले, संभाग या प्रदेश का नाम रोशन किया है। सफल उद्योगपति, किसान और अन्य क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने वाले लोगों से भी विद्यार्थियों का संवाद कराया जाएगा, ताकि उन्हें प्रेरणा मिल सके।
छात्रों के स्वास्थ्य और समय के बेहतर उपयोग के लिए विद्यालयों और छात्रावासों में खेल गतिविधियों को बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा।
हर जिले के लिए अलग कार्ययोजना
संभागायुक्त ने कहा कि संभाग के सभी जिलों की परिस्थितियां और जरूरतें अलग-अलग हैं। इसलिए प्रत्येक जिले की स्थानीय आवश्यकता के अनुसार कार्ययोजना तैयार करनी होगी। कहीं स्वास्थ्य पर अधिक ध्यान देने की जरूरत है तो कहीं शिक्षा और जागरूकता को प्राथमिकता देने की आवश्यकता है।
यातायात और स्वास्थ्य सुविधाओं पर भी चर्चा
इंदौर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए नागरिकों को यातायात नियमों का पालन कराने के साथ नए और प्रभावी उपाय अपनाने की बात भी कही गई। उन्होंने कहा कि सुगम यातायात के लिए नवाचार आधारित तरीकों पर काम करने की जरूरत है।
स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर संभागायुक्त ने बताया कि MY Hospital और जिला अस्पताल इंदौर में सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। अस्पतालों में नए उपकरण और मशीनें उपलब्ध कराई जा रही हैं। MY Hospital के आपातकालीन विभाग में बिस्तरों की संख्या बढ़ाने पर भी काम किया जा रहा है, ताकि मरीजों को बेहतर उपचार सुविधा मिल सके।
सिंहस्थ-2028 से जुड़े निर्माण कार्यों, कानून व्यवस्था और राजस्व सहित अन्य प्रशासनिक विषयों पर भी बैठक में चर्चा हुई।
संपादक संघ के सदस्य रहे मौजूद
बैठक में वरिष्ठ पत्रकार सुभाष खंडेलवाल, नवनीत शुक्ला, प्रवीण खारीवाल, क्रांति चतुर्वेदी, अभिलाष शुक्ला, हर्षवर्धन प्रकाश, ललित उपमन्यु, आलोक ठक्कर, महेश कजोड़िया, शक्तिसिंह परमार, अनिल कर्मा, श्याम यादव, दीपक शर्मा सहित बड़ी संख्या में संपादक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन नवनीत शुक्ला ने किया, जबकि आभार सुभाष खंडेलवाल ने माना।