इंदौर। शहर के ग्राम बिहाड़िया की एक कॉलोनी में तेंदुआ दिखाई देने से हड़कंप मच गया। तेंदुआ फार्म विला कॉलोनी में नजर आया, जिसके बाद आसपास रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है। तेंदुए की मौजूदगी कॉलोनी में लगे CCTV कैमरों में भी कैद होने की बात सामने आई है।
28 एकड़ में बसी है कॉलोनी
बताया जा रहा है कि फार्म विला कॉलोनी करीब 28 एकड़ क्षेत्र में फैली हुई है, जहां 25 से अधिक फार्म हाउस बने हुए हैं। कॉलोनी के आसपास भी कई अन्य आवासीय कॉलोनियां हैं। तेंदुआ दिखाई देने की सूचना के बाद इन इलाकों के रहवासियों में भी चिंता बढ़ गई है।
घरों से बाहर निकले रहवासी
तेंदुआ दिखाई देने की खबर फैलते ही कॉलोनी और आसपास के क्षेत्र में हलचल मच गई। कई रहवासी सुरक्षा को लेकर अपने घरों से बाहर निकल आए। लोगों ने तेंदुए की गतिविधि की जानकारी एक-दूसरे को दी और वन विभाग को सूचना दी।
वन विभाग की टीम रवाना
तेंदुए की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। टीम CCTV फुटेज और तेंदुए की संभावित गतिविधियों के आधार पर उसकी लोकेशन तलाशेगी। फिलहाल लोगों से सतर्क रहने और तेंदुए के नजदीक नहीं जाने की अपील की जा रही है।