चैतन्यलोक
धार

धार में मिलावट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 14 दूध और डेयरी उत्पादों के नमूने जांच के लिए भेजे

Author

Editor

23 Jul 2026 | 10:45 AM
धार में मिलावट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 14 दूध और डेयरी उत्पादों के नमूने जांच के लिए भेजे

धार, 22 जुलाई 2026। जिले में दूध एवं दूध उत्पादों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर राजीव रंजन मीना के निर्देश और आयुक्त खाद्य सुरक्षा मध्य प्रदेश के आदेश पर 21 एवं 22 जुलाई को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर दूध, घी, पनीर, मावा और दही सहित कुल 14 खाद्य नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए। साथ ही बिना खाद्य पंजीयन और अस्वच्छ परिस्थितियों में संचालित एक डेयरी को सील कर दिया गया।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी निर्मला सोमकुँवर ने धार शहर में विभिन्न डेयरियों एवं प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान सोमानी डेयरी, शारदा डेयरी, सोलंकी इंटरप्राइजेज, सिद्धेश्वर ट्रेडर्स और माय डेयरी से दूध एवं अन्य डेयरी उत्पादों के नमूने लिए गए। जांच में निहाल नगर स्थित माय डेयरी बिना खाद्य पंजीयन और अत्यंत अस्वच्छ परिस्थितियों में संचालित पाई गई। इसके बाद खाद्य सुरक्षा टीम ने तत्काल डेयरी का संचालन बंद कर परिसर को सील कर दिया।

वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी आर. जी. माउटा ने कुक्षी क्षेत्र में ग्वाला डेयरी उत्पाद, शिवाय स्वीट्स एंड डेयरी, श्री कृपा स्वीट्स एंड डेयरी, मथुरा दूध डेयरी और कृष्ण स्वीट्स एंड डेयरी से खुले दूध एवं पनीर के नमूने एकत्र किए।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी 14 नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेज दिया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आम जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

टिप्पणियाँ (0)

टिप्पणी करने के लिए लॉग इन या रजिस्टर करें।

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!

होम वीडियो Sports श्रेणियाँ ई-पेपर