धार: प्रस्तावित वराह मार्च से पहले धार में पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस ने मार्च में शामिल होने की तैयारी कर रहे 20 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है। कई स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के साथ बैरिकेडिंग और निगरानी बढ़ाई गई है।
प्रशासन ने वराह मार्च की अनुमति निरस्त कर दी थी। इसके बावजूद सनातन प्रहरी समिति की ओर से मार्च निकालने की घोषणा की गई थी। पुलिस का कहना है कि प्रतिबंधात्मक आदेशों के उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक, कुछ युवा बाइक से मार्च में शामिल होने के लिए जा रहे थे, जिन्हें रास्ते में रोककर हिरासत में लिया गया। कुछ बाइक भी जब्त की गई हैं। दोपहर तक 20 से अधिक लोगों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई थी। हालांकि, सभी गिरफ्तारियों और धाराओं की विस्तृत आधिकारिक पुष्टि अलग-अलग स्तर पर होना बाकी बताई गई है।
लाट मस्जिद क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाई
वराह मार्च के प्रस्तावित मार्ग और समापन स्थल को देखते हुए लाट मस्जिद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग के साथ सीसीटीवी और ड्रोन के जरिए निगरानी की जा रही है। पुलिस सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली सूचनाओं पर भी नजर रख रही है।
मार्च को लेकर विवाद की पृष्ठभूमि में लाट मस्जिद को लेकर किए जा रहे ऐतिहासिक दावे भी हैं। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बिना अनुमति किसी भी जुलूस या आयोजन पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।