नई दिल्ली: रक्षाबंधन के मौके पर दिल्ली-NCR के CNG वाहन चालकों को महंगाई का झटका लगा है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने CNG की कीमत में 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की है। नई दरें 29 अगस्त 2026 सुबह 6 बजे से लागू हो गई हैं।
इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में CNG की कीमत 83.09 रुपये से बढ़कर 86.98 रुपये प्रति किलो हो गई है। यानी अब CNG वाहन चलाने वालों को हर किलो गैस पर करीब 4 रुपये ज्यादा खर्च करने होंगे।
NCR के अन्य शहरों में भी बढ़े दाम
IGL के मुताबिक दिल्ली के साथ उसके सप्लाई वाले अन्य इलाकों में भी CNG की कीमतों में संशोधन किया गया है। गुरुग्राम में नया रेट 92.01 रुपये/kg, जबकि गाजियाबाद में 95.59 रुपये/kg हो गया है।
क्यों बढ़े CNG के दाम?
IGL ने कीमत बढ़ाने के पीछे अंतरराष्ट्रीय LNG की कीमतों में तेज बढ़ोतरी को प्रमुख कारण बताया है। वेस्ट एशिया में जारी संकट और गैस कार्गो की सप्लाई प्रभावित होने से LNG की लागत बढ़ी है, जिसका असर अब घरेलू CNG कीमतों पर पड़ा है।
CNG की कीमत बढ़ने का सीधा असर ऑटो, टैक्सी, बस और CNG कार चलाने वालों के ईंधन खर्च पर पड़ेगा। साथ ही लंबी अवधि में इसका असर सार्वजनिक परिवहन के किराये पर भी देखने को मिल सकता है।