चैतन्यलोक
देश

दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ी सुरक्षा चूक, बिना इमिग्रेशन क्लीयरेंस 3 इटालियन नागरिक पहुंचे म्यूनिख

Author

Deepak Sharma

15 Sep 2026 | 10:18 AM
दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ी सुरक्षा चूक, बिना इमिग्रेशन क्लीयरेंस 3 इटालियन नागरिक पहुंचे म्यूनिख

नई दिल्ली। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षा और इमिग्रेशन व्यवस्था में बड़ी चूक का मामला सामने आया है। तीन इटालियन नागरिक बिना अनिवार्य इमिग्रेशन क्लीयरेंस के दिल्ली से म्यूनिख जाने वाली फ्लाइट में सवार होकर भारत से बाहर निकल गए। मामले को गंभीरता से लेते हुए नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एयर इंडिया को कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिन में जवाब मांगा है।

घटना 4 सितंबर 2026 की है। तीनों यात्री एयर इंडिया की फ्लाइट AI-1115 से अमृतसर से दिल्ली पहुंचे थे। विमान रात करीब 12:50 बजे दिल्ली पहुंचा। इसके लगभग एक घंटे बाद 1:45 बजे तीनों यात्री लुफ्थांसा की फ्लाइट LH-763 से म्यूनिख रवाना हो गए। खास बात यह रही कि दिल्ली एयरपोर्ट पर उन्होंने अनिवार्य डिपार्चर इमिग्रेशन प्रक्रिया पूरी नहीं की।

‘D’ बोर्डिंग पास के बावजूद इंटरनेशनल ट्रांसफर एरिया में कैसे पहुंचे?

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यात्रियों को अमृतसर में दिल्ली तक की यात्रा के लिए डोमेस्टिक बोर्डिंग पास के साथ उनकी आगे की म्यूनिख फ्लाइट का बोर्डिंग पास भी जारी कर दिया गया था। समस्या दिल्ली पहुंचने के बाद सामने आई, जहां यात्रियों को घरेलू यात्रियों की निर्धारित प्रक्रिया से निकालने के बजाय इंटरनेशनल ट्रांसफर एरिया की ओर भेज दिया गया। इसके चलते वे इमिग्रेशन काउंटर तक पहुंचे ही नहीं और सीधे इंटरनेशनल डिपार्चर क्षेत्र में चले गए।

मंत्रालय ने सवाल उठाया है कि घरेलू श्रेणी के यात्रियों को इंटरनेशनल ट्रांसफर प्रक्रिया में जाने की अनुमति कैसे मिली और दिल्ली पहुंचने पर उनके बोर्डिंग पास की आवश्यक जांच क्यों नहीं हुई।

हब-एंड-स्पोक व्यवस्था पर भी सवाल

यह मामला एयर इंडिया की हब-एंड-स्पोक व्यवस्था से भी जुड़ा है। इस व्यवस्था में अमृतसर जैसे शहरों से यात्रियों को दिल्ली जैसे बड़े हब तक लाकर वहां से अंतरराष्ट्रीय उड़ान से जोड़ा जाता है। हालांकि, इस मामले में लागू SOP के अनुसार यात्रियों की सही पहचान और इमिग्रेशन प्रक्रिया सुनिश्चित करना जरूरी था।

मंत्रालय ने इसे गंभीर सुरक्षा और इमिग्रेशन संबंधी चूक माना है। अब एयर इंडिया से यह स्पष्ट करने को कहा गया है कि निर्धारित SOP का पालन क्यों नहीं हुआ और यात्रियों को इमिग्रेशन जांच के बिना अंतरराष्ट्रीय उड़ान तक कैसे पहुंचने दिया गया। मामले में एयरलाइन और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच की जा रही है।

टिप्पणियाँ (0)

टिप्पणी करने के लिए लॉग इन या रजिस्टर करें।

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!

होम वीडियो Sports श्रेणियाँ ई-पेपर