चैतन्यलोक
इंदौर

CKD Garden & Restaurant पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, 4 सैंपल जांच के लिए भेजे

Author

Divyansh Sharma

24 Aug 2026 | 06:15 AM
CKD Garden & Restaurant पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, 4 सैंपल जांच के लिए भेजे

इंदौर: निरंजनपुर स्थित CKD Garden & Restaurant में खाद्य सुरक्षा विभाग ने निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के भंडारण और जरूरी दस्तावेजों से जुड़ी कई खामियां पकड़ी हैं। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में तहसीलदार सपना शर्मा और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम ने 75-A, निरंजनपुर, एबी रोड स्थित रेस्टोरेंट पर कार्रवाई की। मौके पर प्रोपराइटर अंश ठाकुर मौजूद मिले।

वेज-नॉनवेज खाद्य पदार्थ एक ही डीप फ्रीजर में मिले

निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट के किचन स्थित डीप फ्रीजर में वेज और नॉन-वेज खाद्य पदार्थ एक साथ रखे मिले। इसके अलावा कई खाद्य सामग्री बिना पैलेट के सीधे जमीन पर रखी हुई थी। स्टोर रूम में खाद्य पदार्थों के साथ अखाद्य सामग्री भी रखी मिली।

पानी की रिपोर्ट और मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट नहीं मिले

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को निरीक्षण के दौरान पानी की जांच रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट और पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड मौके पर उपलब्ध नहीं मिले। हालांकि, रेस्टोरेंट की सामान्य साफ-सफाई संतोषजनक पाई गई।

पनीर, काजू, तुअर दाल और घी के सैंपल लिए

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए विभाग ने पनीर, काजू, तुअर दाल और घी के कुल चार सैंपल लिए हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए फूड टेस्टिंग लैब भेजा गया है। लैब रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा आगे की कार्रवाई की जाएगी।

CKD Garden को Improvement Notice जारी

खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने रेस्टोरेंट संचालक को Food Safety and Standards Act, 2006 के तहत Improvement Notice (सुधार सूचना पत्र) जारी किया है। विभाग ने निर्धारित समय में सभी कमियों को दूर करने के निर्देश दिए हैं। तय समय में सुधार नहीं होने पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

टिप्पणियाँ (0)

टिप्पणी करने के लिए लॉग इन या रजिस्टर करें।

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है। पहली टिप्पणी करें!

होम वीडियो Sports श्रेणियाँ ई-पेपर