नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के दौरान ग्लासगो के एक रेस्टोरेंट में भारत का गलत नक्शा प्रदर्शित किए जाने पर आपत्ति जताने वाली भारतीय बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन की जमकर तारीफ की। प्रधानमंत्री ने कहा कि जश्न के माहौल के बीच भी लवलीना ने भारत के नक्शे की अहमियत को पहचाना और जिस तरह से उन्होंने इस मुद्दे को उठाया, वह लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
दरअसल, कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के दौरान भारतीय बॉक्सिंग दल ग्लासगो के एक रेस्टोरेंट में जश्न के लिए डिनर करने पहुंचा था। इसी दौरान लवलीना की नजर रेस्टोरेंट के लोगो में इस्तेमाल किए गए भारत के एक गलत नक्शे पर पड़ी। इस नक्शे में भारत के पूर्वोत्तर राज्यों को शामिल नहीं किया गया था।
लवलीना ने इस पर रेस्टोरेंट के कर्मचारियों से आपत्ति जताई और उनसे नक्शे को सही करने के लिए कहा। उनके इस कदम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। लवलीना के मुताबिक, रेस्टोरेंट प्रबंधन ने उनकी बात को स्वीकार किया और बाद में नक्शे में बदलाव भी किया।
PM मोदी ने पूछा- रेस्टोरेंट वाले से झगड़ा कर रही थीं?
कॉमनवेल्थ गेम्स के पदक विजेताओं से मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने लवलीना से इस घटना का जिक्र करते हुए मजाकिया अंदाज में पूछा, “क्या हुआ, वो रेस्टोरेंट वाले से झगड़ा कर रही थीं?”
इस पर लवलीना हंसते हुए घटना के बारे में बताती हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने गेम्स में शानदार प्रदर्शन किया था और प्रतियोगिता का आखिरी दिन होने के कारण सभी जश्न मना रहे थे। इसी दौरान उन्होंने भारत का गलत नक्शा देखा और उन्हें यह पसंद नहीं आया।
लवलीना ने प्रधानमंत्री को बताया कि उन्होंने रेस्टोरेंट कर्मचारियों से शालीनता से अपनी आपत्ति दर्ज कराई, जिसके बाद उन्होंने नक्शे में बदलाव कर दिया।
मोदी ने कहा- यह वीडियो साधारण नहीं था
लवलीना की बात सुनने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने उनकी सराहना करते हुए कहा कि गेम्स खत्म होने और जश्न के माहौल के बावजूद उन्होंने भारत के नक्शे के महत्व को पहचाना।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस समय सभी खिलाड़ी जीत का जश्न मना रहे थे, उस समय लवलीना द्वारा भारत के नक्शे की अहमियत को पहचानना और उसके लिए आवाज उठाना महत्वपूर्ण था। उन्होंने कहा कि लवलीना का यह वीडियो साधारण नहीं था और इसे लोग लंबे समय तक याद रखेंगे।
कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का शानदार प्रदर्शन
ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। खास तौर पर बॉक्सिंग में भारत ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 10 पदक जीते, जिनमें 7 स्वर्ण पदक शामिल रहे। यह कॉमनवेल्थ गेम्स के एक संस्करण में भारतीय बॉक्सिंग का अब तक का सर्वश्रेष्ठ पदक प्रदर्शन रहा।
लवलीना बोरगोहेन ने भी महिलाओं के 75 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक हासिल किया। खेल में शानदार प्रदर्शन के साथ-साथ भारत के नक्शे को लेकर उनकी सजगता ने भी उन्हें चर्चा में ला दिया।