एम्सटेलवीन। FIH पुरुष हॉकी विश्व कप 2026 में आज भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों पड़ोसी देशों के बीच यह हाई-वोल्टेज मुकाबला 19 अगस्त को शाम 6:30 बजे भारतीय समयानुसार खेला जाएगा। मुकाबला नीदरलैंड्स के एम्सटेलवीन स्थित वैगनर स्टेडियम में होगा।
भारत और पाकिस्तान दोनों पूल D में हैं और इस मुकाबले का नतीजा अगले दौर की तस्वीर के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। भारत ने टूर्नामेंट की शुरुआत वेल्स के खिलाफ 3-1 की जीत से की थी, लेकिन दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड के हाथों 2-4 से हार मिली।
वहीं पाकिस्तान के लिए भी यह मुकाबला बेहद अहम है। भारत के खिलाफ जीत उसे टूर्नामेंट में आगे बढ़ने की उम्मीद बनाए रखेगी, जबकि भारत कम से कम ड्रॉ के साथ अगले दौर में अपनी जगह मजबूत कर सकता है।
भारत-पाकिस्तान हॉकी मुकाबला हमेशा से रोमांच और भावनाओं से भरा रहा है। ऐसे में विश्व कप के मंच पर होने वाली आज की भिड़ंत पर दुनियाभर के हॉकी प्रशंसकों की नजरें टिकी हैं।